सीरिया के विदेश मंत्री ने मास्को में अपने रूसी समकक्ष से भेंट में सीरिया संकट सहित क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार विमर्श किया।
मास्को में संयुक्त प्रेस कांफ़्रेंस को संबोधित करते हुए रूस के विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोफ़ ने कहा कि सीरिया की केन्द्रीय सरकार के सहयोग के बिना आईएसआईएल से संघर्ष के लिए वाशिंग्टन के नेतृत्व में जो अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन बना है वह अंतर्राष्ट्रीय नियमों के विरुद्ध है। उनका कहना था कि मास्को ने सीरियाई सरकार को परिवर्तित करने के लिए आतंकवादी और चरमपंथी संगठनों को माध्यम के रूप में प्रयोग करने को पूरी तरह से रद्द कर दिया है। पत्रकारों से बात करते हुए सर्गेई लावरोफ़ ने कहा कि सीरिया के पक्षों के मध्य अंतर्राष्ट्रीय वार्ता पुनर्जीवित हो सकती है किन्तु इसके लिए समय लग सकता है।
उधर सीरिया के विदेशमंत्री वलीद मुअल्लिम ने कहा कि रूसी विदेशमंत्री से होने वाली वार्ता में सीरिया संकट सहित क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की गयी। उनका कहना था कि सीरिया संकट के लिए मुख्य रूप से सऊदी अरब, क़तर और तुर्की सहित कुछ क्षेत्रीय व पश्चिमी देश ज़िम्मेदार हैं। वलीद मुअल्लिम ने कहा कि रूस की सरकार, सीरियाई जनता की घनिष्ठ मित्र है और सीरिया की सरकार आतंकवाद के विरुद्ध अपना संघर्ष जारी रखेगी।
वलीद मुअल्लिम ने कहा कि रूसी अधिकारियों से वार्ता के दौरान सीरिया के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत स्टीफ़न डी मिस्तूरा के अभियान पर भी चर्चा हुई जिसके दौरान दोनों पक्षों ने हलब की स्थिति को सामान्य बनाने पर बल दिया। उनका कहना था कि मास्को में होने वाली वार्ता के दौरान सीरियाई जनता के मध्य वार्ता आरंभ किए जाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। सीरिया के विदेशमंत्री ने कहा कि सीरिया संकट के समाधान के लिए रूस के इस प्रस्ताव का हम स्वागत करते हैं और इसकी मांग हम संकट के आरंभ से ही कर रहे थे।
27 नवंबर 2014 - 18:02
समाचार कोड: 654445
सीरिया के विदेश मंत्री ने मास्को में अपने रूसी समकक्ष से भेंट में सीरिया संकट सहित क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार विमर्श किया।